क्षेत्रीय
20-May-2026


रामगढ़(ईएमएस)।उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड के कोतो पंचायत स्थित बिरहोर बस्ती का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित सरकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरहोर परिवारों के आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।ग्रामीणों से बातचीत कर उन्होंने योजनाओं के लाभ मिलने की जानकारी प्राप्त की। कई ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बिरहोर समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में विशेष पहल करने की आवश्यकता बताई। साथ ही पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।बिरहोर बस्ती पहुंचने पर मुखिया प्रतिनिधि जय प्रकाश सिंह ननकी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपायुक्त का स्वागत किया। इस दौरान पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया गया।इसके बाद उपायुक्त ने टोकीसूद जलापूर्ति योजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।उन्होंने पाइपलाइन विस्तार, जल भंडारण एवं रेट्रोफिटिंग कार्यों की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश संबंधित एजेंसी को दिया।उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इसी क्रम में उपायुक्त ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय डाड़ीडीह का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मिड-डे मील, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की. कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सवाल पूछे तथा शिक्षकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।साथ ही उपस्थिति पंजी की जांच कर समय पर विद्यालय आने की हिदायत दी।निरीक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी मनोज चौरसिया, कल्याण विभाग की किरण कुमारी, पालू पंचायत की मुखिया पानो देवी समेत कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे। कर्मवीर सिंह/20मई/26