जबलपुर, (ईएमएस)। गोराबाजार थाना अतंर्गत खेरमाई मंदिर के पास कजरवारा में पुरानी रंजिश पर बदमाशों ने चार युवकों पर चाकू से प्राणघातक हमला कर मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ कर दी। गोराबाजार पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छिवला निवासी 19 वर्षीय साहिल चौधरी सेंट अलायसेंस कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा है। कुछ दिन पहले उसका आदर्श से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर आदर्श और उसके साथी हर्ष ने 19 मई की शाम साहिल को फोन कर कजरवारा मिलने बुलाया। साहिल अपने दोस्त अक्षय गौड, साहिल चौधरी, भुवन धुर्वे एवं अन्य दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से खेरमाई मंदिर के पास कजरवारा पहुंचा, जहां पहले से आदर्श, हर्ष और उनके साथी मौजूद थे। यहां पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आदर्श और हर्ष ने गाली-गलौज करते हुए साहिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने साहिल, अक्षय और भुवन पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने युवकों की मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 296, 115(2), 109(1), 351(2), 324(4), 3(5) बी एन एस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 20 मई 2026 / 06.27