- मधुबनी से सटे राजनगर थाना के रामजानकी चौक के पास बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में मंगलवार देर रात एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना राजनगर थाना क्षेत्र के रामजानकी चौक के समीप पुलिया के पास हुई। मृतक की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के खाजेडीह निवासी निखिल झा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई तथा मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार निखिल झा मंगलवार शाम आदर्श नगर कॉलोनी स्थित इंजीनियर अविनाश झा से निर्माणाधीन विद्यालय भवन के सिलसिले में मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद लौटने के दौरान उनके फोन पर किसी व्यक्ति से विवाद भी हुआ था। इसी बीच रामजानकी चौक के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली।प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के दोस्त सौरभ के अनुसार बदमाशों ने पहले निखिल के साथ मारपीट की, फिर कनपट्टी में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर राजनगगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही एसपी योगेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। राजनगर थाना पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक के परिजनों ने बताया कि निखिल की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बलवंत झा ने गोली मारकर हत्या किया है। पुलिस बलवंत झा सहित उसके सहयोगियों की पहचान कर ली है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २० मई/२०२६/ईएमएस