- न्यायालयों में नियमित बैठ रहे तहसीलदार-नायब तहसीलदार, राजस्व प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी नर्मदापुरम (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन द्वारा राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए न्यायिक एवं कार्यपालिक व्यवस्थाओं को पृथक करते हुए पूर्णकालिक न्यायिक तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों की नियुक्ति किए जाने का सकारात्मक प्रभाव अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। कलेक्टर नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा द्वारा शासन की इस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी क्रम में सिवनी मालवा अनुभाग अंतर्गत सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार निर्धारित कार्यालयीन समय में नियमित रूप से अपने न्यायालयों में उपस्थित रहकर जवाबदेही के साथ दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इससे लंबे समय से लंबित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा जैसे राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है तथा आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। शासन की जनहितैषी मंशा और प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक उदाहरण बुधवार को एसडीएम कार्यालय सिवनी मालवा में देखने को मिला, जहां लंबे समय से अपने राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती एवं नामांतरण संबंधी कार्य के लिए परेशान एक महिला की समस्या का तत्काल निराकरण किया गया। एसडीएम सिवनी मालवा श्री विजय राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही तहसीलदार से रिपोर्ट तलब की तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए लंबित प्रकरण का शीघ्र निराकरण कराया। प्रशासन की सक्रियता एवं शासन की व्यवस्था से न केवल लंबित राजस्व मामलों के निपटारे में तेजी आई है। ईएमएस/मोहने/ 20 मई 2026