क्षेत्रीय
20-May-2026


खरगोन (ईएमएस)। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी व्यवस्था में सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। पंजीयन कराने सहित केंद्रों पर खरीदी में हो रही देरी से किसानों ने खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग की थी। इस मांग पर सरकार ने संज्ञान लेते हुए 5 दिन का समय बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि जिन किसानों ने 23 मई तक स्लॉट बुकिंग कर ली है, वे अब 28 मई तक अपना गेहूं बेच सकेंगे। उल्लेखनीय है कि सरकार ने पिछले साल प्रदेश में 75 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा था। इस साल खरीदी लक्ष्य बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन रखा है। प्रदेश सरकार ने गेहूं खरीदी के गुणवत्ता मानकों में भी राहत दी है। अब 50 प्रतिशत तक चमक विहीन गेहूं खरीदा जाएगा। इसके अलावा सूकड़े दानों की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है। वहीं क्षतिग्रस्त दानों की सीमा भी बढ़ाकर 6 प्रतिशत तक कर दी गई है। सरकार का मानना है कि मौसम और फसल की स्थिति को देखते हुए इन बदलावों से बड़ी संख्या में किसानों को फायदा मिलेगा और उनकी उपज समर्थन मूल्य पर बिक सकेगी। ईएमएस/नाजिम शेख/ 20 मई 2026