क्षेत्रीय
20-May-2026


-कीड़ों से घिरा मासूम... इंसानियत को झकझोर गई माधवपुर की सुबह सीतापुर(ईएमएस)। बिसवां विकासखंड के ग्राम माधवपुर मजरा जलालपुर में बुधवार सुबह एक ऐसी दर्दनाक तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के बाहर आम के बाग में एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मासूम का शव इस हालत में था कि देखने वालों की आंखें नम हो गईं। बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 9:10 बजे गांव के कुछ युवक बाग की ओर गए थे। तभी उनकी नजर जमीन पर पड़े एक नवजात शिशु पर पड़ी। पास जाकर देखा तो मासूम की मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखते ही युवकों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत गांव में सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने देखा कि नवजात का शव बुरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मासूम को दो या तीन दिन पहले यहां फेंका गया होगा। भीषण गर्मी में शव की स्थिति और भी भयावह हो चुकी थी। घटना ने गांव के लोगों को भीतर तक झकझोर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि आखिर कोई इतना निर्दयी कैसे हो सकता है, जो जन्म लेते ही एक मासूम को यूं मौत के हवाले कर दे। कई महिलाओं की आंखों से यह दृश्य देखकर आंसू छलक पड़े। काफी देर तक ग्रामीण यह जानने की कोशिश करते रहे कि आखिर यह बच्चा किसका है, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मासूम की पहचान न होने पर गांव वालों ने गत दिखाते हुए पास में गड्डा खोदकर नवजात के राव को दफना दिया। आलोक कुमार बाजपेयी सीतापुर 20-05-2026