- ब्लॉक-थाने के वाटर कूलर बंद, फरियादी बेहाल अफसरों के कमरों में ठंडक, जनता बूंद-बूंद पानी को तरसी सीतापुर(ईएमएस)। भीषण गर्मी में जहां आम आदमी राहत की उम्मीद लेकर सरकारी दफ्तरों का रुख कर रहा है, वहीं सरकारी सिस्टम खुद “प्यासा” नजर आ रहा है। विकास खंड गोंदलामऊ और संदना थाने में लगे वाटर कूलर महीनों से खराब पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नींद अब तक नहीं टूटी। हाल यह है कि फरियादी और ग्रामीण चिलचिलाती धूप में ठंडे पानी की एक बूंद के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। विकास खंड गोंदलामऊ परिसर में रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, प्रधान, कर्मचारी और फरियादी अपने कामों से पहुंचते हैं। जनता की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर लगाया गया वाटर कूलर अब सिर्फ शोपीस बनकर रह गया है। रखरखाव के अभाव में मशीन महीनों से बंद पड़ी है, जबकि गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को या तो गर्म पानी पीना पड़ता है या फिर बाहर दुकानों से महंगे दामों पर बोतल खरीदनी पड़ती है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजी दावों में व्यस्त हैं, जमीनी हकीकत से उनका कोई सरोकार नहीं। कमोबेश यही स्थिति संदना थाने की भी है। फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों के लिए लगाया गया वाटर कूलर भी लंबे समय से खराब पड़ा है। थाने आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और आम लोग प्यास लगने पर आसपास की दुकानों की ओर भागने को मजबूर हैं। सवाल यह उठ रहा है कि जब थाने और ब्लॉक जैसे सरकारी परिसरों में ही मूलभूत सुविधाएं दम तोड़ रही हैं, तो आम जनता को राहत आखिर कहां मिलेगी? स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। महीनों बाद भी हालत जस की तस बनी हुई है। लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी है। जब इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ब्लॉक परिसर में जल्द नया वाटर कूलर लगवाया जाएगा। वहीं थाने में खराब पड़े वाटर कूलर की जांच कराकर जल्द मरम्मत कराने की बात कही गई है। आलोक कुमार बाजपेयी सीतापुर 20-05-2026