क्षेत्रीय
20-May-2026
...


जिले के केमिस्टों ने दिखाई एकजुटता, ई-फार्मेसी पर रोक लगाने की हड़ताल खरगोन (ईएमएस)। देशभर में ऑनलाईन दवाई बिक्री के विरोध में एक दिवसीय हड़ताल के आह्वान को जिले में भी व्यापक समर्थन मिला। शहर सहित जिलेभर के मेडिकल व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखी। मुख्यालय पर केमिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले आक्रोश रैली एवं ज्ञापन प्रदर्शन भी हुआ। सुबह 9 बजे से मेडिकल व्यवसायी पुराना हॉस्पिटल परिसर में एकत्रित होने लगे। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के बैनर तले सुबह 10 बजे आक्रोश रैली निकाली। हाथों में ऑनलाईन दवाई बिक्री बंद करने का स्लोगन लिखी तख्तियां लिए नारेबाजी कर आमजन का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान टीआईटी कॉम्पलेक्स तक पैदल रैली निकाली। यहां से तांगा और ई-रिक्शा में चार-चार लोग सवार हो गए। इसके बाद वाहनों के जरिये कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष लोकेंद्र छाजेड़ का कहना है कि दवाई व्यापार अन्य व्यापार से अलग है। इसे ऑनलाईन के जरिये बढ़ावा देना जन स्वास्थ्य के लिए घातक है। कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा ऑनलाईन दवा बिक्री के लिए ग्राहकों को भारी डिस्काउंट देकर लुभाती है। जबकि इन दवाईयों के असली-नकली होने की पहचान नही की जाती। संगठन ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉम्र्स का उपयोग प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की खरीद के लिए किया जा रहा है। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दवाओं की बिक्री और वितरण के स्पष्ट नियम निर्धारित हैं, जिनके अनुसार लाइसेंस प्राप्त फार्मासिस्ट की निगरानी और सत्यापित प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर ही कई दवाएं दी जा सकती हैं, लेकिन ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां इन नियमों की अनदेखी करते हुए दवाओं की डिलीवरी कर रही हैं, जिससे नियमन और जवाबदेही दोनों कमजोर हो रहे हैं। ईएमएस/नाजिम शेख/ 20 मई 2026