व्यापार
21-May-2026
...


- सोना 1.59 लाख और चांदी 2.72 लाख रुपये के करीब नई दिल्ली (ईएमएस)। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर गुरुवार को सोने और चांदी के वायदा भाव में बड़ी नरमी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार से ही दोनों कीमती धातुओं के भाव गिरावट के साथ खुले, जिसका असर दिन भर दिखा। खबर लिखे जाने तक घरेलू बाजार में सोना 1,59,800 रुपये और चांदी 2,72,600 रुपये के करीब कारोबार कर रही थी। वैश्विक बाजारों में भी सोने-चांदी पर दबाव बना रहा, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल है। घरेलू बाजार में सोने का बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट गुरुवार को एमसीएक्स पर 106 रुपये की गिरावट के साथ 1,59,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। यह 1,60,006 रुपये के पिछले बंद भाव से नीचे था। खबर लिखे जाने के समय सोने के वायदा भाव 206 रुपये टूटकर 1,59,800 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। कारोबार के दौरान इसने 1,59,992 रुपये का उच्च स्तर और 1,59,778 रुपये का निम्न स्तर छुआ। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का उच्चतम स्तर देखा था, जो मौजूदा स्तर से काफी ऊपर है। चांदी के वायदा भाव भी गुरुवार को दबाव में रहे। एमसीएक्स पर चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 1,990 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,72,275 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 2,74,265 रुपये था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 1,640 रुपये की नरमी के साथ 2,72,625 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में चांदी ने 2,73,196 रुपये का उच्च और 2,72,135 रुपये का निम्न स्तर देखा। चांदी ने इस साल 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी के वायदा भाव में नरमी का रुख बना रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,548 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने तक 1.40 डॉलर की गिरावट के साथ 4,533.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सोने ने इस साल 5,586.20 डॉलर का उच्चतम स्तर देखा था। इसी तरह कॉमेक्स पर चांदी 76.19 डॉलर प्रति औंस पर खुली और 0.30 डॉलर की गिरावट के साथ 75.88 डॉलर प्रति औंस पर थी। चांदी ने इस साल 121.79 डॉलर का सर्वोच्च स्तर छुआ था। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं और डॉलर की मजबूती जैसे कारक इन बहुमूल्य धातुओं की कीमतों को प्रभावित कर रहे हैं। सतीश मोरे/21मई ---