व्यापार
21-May-2026
...


सेंसेक्स 135, निफ्टी 4 अंक गिरा मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर के बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच ही बिकवाली हावी रहने से आई है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अंत में 135.03 अंक की गिरावट के साथ ही 75,183.36 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी तकरीबन 4.3 अंक टूटकर 23,654.70 अंक पर पहुंच गया। आज सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयर नीचे आये। बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा 1.64 फीसदी टूटे। आई टी दिग्गज इन्फोसिस, टेक महिंद्रा के अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयरों में एक फीसदी से अधिक गिरावट रही जबकि इंडिगो, ट्रेंट, बीईएल, अडानी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में तेजी रही। आज कारोबार के दौरान निफ्टी के शेयरों में फाइनेंस, टेक महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर में सबसे ज्यादा गिरावट रही। ब्रॉडर बाजार में देखा जाये तो निफ्टी मिडकैप में 0.04 फीसदी गिरावट रही जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 0.63 फीसदी तेजी रही। क्षेत्रवार देखें तो निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी आईटी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में सबसे ज्यादा गिरावट आई। इसके आलावा निफ्टी रियल्टी और निफ्टी सीमेंट के शेयरों में बढ़त रही। इससे पहले आज सुबह बाजार तेजी के के साथ खुला। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की अटकलों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ, जिसके परिणामस्वरूप शुरुआती कारोबार से ही सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार उछाल दर्ज किया गया। सुबह सेंसेक्स 359.82 अंकों की मजबूती के साथ 75,678.21 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 137.65 अंक चढ़कर 23,796.65 के स्तर पर पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 दोनों में आधे फीसदी से अधिक की शानदार बढ़त देखने को मिली। सेक्टर-वार बात करें तो, लगभग सभी प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।बाजार में इस उत्साहवर्धक तेजी की मुख्य वजहों में से एक अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को जवाब के लिए कुछ समय देने की बात ने दोनों देशों के बीच संभावित समझौते की अटकलों को हवा दी है। इस सकारात्मक खबर ने वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। ईएमएस 21मई 2026