धमतरी(ईएमएस)। खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए किसानों को खाद वितरण प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब जिले में खाद लेने के लिए किसानों को टोकन कटाने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। यह निर्णय किसानों की सुविधा और व्यवस्था में सुधार को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इससे पहले 20 मई को प्रकाशित एक रिपोर्ट में 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन चरणों में खाद वितरण की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने व्यवस्था में संशोधन किया है। उप संचालक कृषि मोनेश साहू के अनुसार, अब किसानों को टोकन प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। किसानों को उनके रकबे और आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी और सुपर फॉस्फेट खाद उपलब्ध कराया जाएगा। जिले की 96 सहकारी समितियों में कुल 37,238 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। खाद वितरण की पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही निजी कृषि दुकानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है ताकि कालाबाजारी और अनियमितता पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मई 2026