राज्य
21-May-2026


- पाकुड़ पुलिस ने दो नकाबपोश बदमाशों को दबोचा, कबूला जुर्म - नक्सली संगठन के नाम पर मांगी थी रकम पाकुड़ (ईएमएस)। झारखंड के पाकुड़ जिले की अमड़ापाड़ा थाना पुलिस ने नक्सली संगठन के नाम पर एक कोयला कंपनी से 50 लाख रुपये की लेवी (रंगदारी) मांगने वाले दो स्थानीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात बीते 14 मई को बीजीआर कोल कंपनी की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर अंजाम दी गई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मामले का खुलासा करते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि बीजीआर कोल माइन्स कंपनी द्वारा बरदाहा गांव के पास इकड़ी नाला में एक पुल का निर्माण कराया जा रहा है। 14 मई की रात दो नकाबपोश अपराधी निर्माण स्थल पर धमक पड़े और खुद को नक्सली संगठन का सदस्य बताते हुए काम बंद कराने की धमकी दी और 50 लाख रुपये की लेवी की मांग की। घटना के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी की शिकायत पर अमड़ापाड़ा थाने में कांड संख्या 34/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर कड़ियों को जोड़ा और त्वरित कार्रवाई करते हुए अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बड़दाहा निवासी चांद हांसदा उर्फ चुटरोय और पचुवाड़ा निवासी चानुस सोरेन को धर दबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने नक्सली के नाम पर रंगदारी मांगने के इस जुर्म को स्वीकार कर लिया है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधियों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है ताकि उनके अन्य सहयोगियों का भी पता लगाया जा सके। रामयश/ईएमएस 21 मई 2026