जयपुर (ईएमएस)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास द्वारा राज्य में जनगणना—2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य सचिव ने आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु जिला एवं चार्ज जनगणना अधिकारियों द्वारा सीएमएमएस डैशबोर्ड पर फील्ड कार्य की सक्रिय जाँच एवं निगरानी के साथ ही सतत एवं सघन फील्ड निरीक्षण करने हेतु निर्देश प्रदान किए, साथ ही वेब ऐप के माध्यम से सेटेलाइट इमेजरी में छूटे हुए स्थानों की जाँच कर सम्पूर्ण क्षेत्र और भवनों/मकानों को सम्मिलित करने के निर्देश भी प्रदान किए। मुख्य सचिव ने राज्य के एक लाख तैंतीस हजार से अधिक मकान सूचीकरण ब्लॉक में से इक्कासी हजार ब्लॉक में मकान सूचीकरण का फील्ड कार्य शुरू नहीं होने पर यहां तत्काल कार्य शुरू करने हेतु समस्त प्रमुख जनगणना अधिकारियों एवं जिला कलक्टर एवं आयुक्त नगर निगम को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने समस्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को स्व-गणना किए गये परिवारों से स्श्व ढ्ढष्ठ प्राप्त कर शत-प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।बैठक में बताया गया कि राज्य में स्व-गणना के माध्यम से पंद्रह लाख से अधिक परिवारों द्वारा प्रथम चरण की प्रश्नावली भरी गई है। राज्य में स्व-गणना पत्र के अंतर्गत भरे गये प्रपत्रों में जयपुर जिले ने 21.4 प्रतिशत अर्थात लगभग 32 लाख परिवारों की स्व-गणना पूर्ण कर प्रथम स्थान पर रहा। संभागीय जनगणना अधिकारी एवं संभागीय आयुक्त जयपुर, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर जयपुर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त नगर निगम जयपुर को मुख्य सचिव ने प्रतीक चिन्ह प्रदान करते हुए उत्साहवर्द्धन किया। सीकर जिला 11.2 प्रतिशत परिवारों की स्व-गणना करवा कर राज्य में द्वितीय स्थान पर रहा। इस दौरान मुख्य सचिव ने राज्य के निवासियों से प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान कर जनगणना से जन कल्याण के इस महापर्व में अपना अमूल्य योगदान देने की अपील की। अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 21 मई 2026