* संयुक्त संसदीय समिति ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से की शिष्टाचार भेंट, चुनाव सुधारों और लोकतांत्रिक मजबूती पर हुई विस्तृत चर्चा गांधीनगर स्थित लोकभवन में आज ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण बैठक में समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी के साथ समिति के सदस्य विष्णुदत्त शर्मा, पुरुषोत्तम रूपाला, कविता पाटीदार तथा पी विल्सन उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के वरिष्ठ अधिकारी राहुल सिंह, नीतिश यादव और दिनेश चौधरी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान देश में चुनावी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित तथा खर्च के दृष्टिकोण से किफायती बनाने के उद्देश्य से ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता और समयानुकूल चुनाव सुधारों की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में लिए जाने वाले ऐसे निर्णय भविष्य में प्रशासनिक स्थिरता तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं। समिति के सदस्यों ने राज्यपाल को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर देशभर में चल रही परामर्श प्रक्रिया, संवैधानिक पहलुओं तथा विभिन्न स्तरों पर प्राप्त सुझावों की जानकारी भी दी। बैठक के अंत में राज्यपाल ने समिति के सदस्यों को इस राष्ट्रीय दायित्व के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखते हुए चुनाव सुधारों की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। सतीश/21 मई