क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस ने बढ़ाई निगरानी जबलपुर, (ईएमएस)। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आईपीएल फाइनल मुकाबले से पहले शहर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार को लेकर हलचल तेज हो गई है। 31 मई को होने वाले फाइनल मैच के दौरान सट्टा खेलने और खिलाने की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों में मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध स्थानों पर छापामार कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। बीते एक महीने में कई कार्रवाई होने के बाद स्थानीय स्तर पर सटोरिए सीधे तौर पर लिंक लेने से बच रहे हैं। चर्चा है कि दुबई, गोवा और मुंबई से ऑनलाइन सट्टे की लिंक संचालित हो रही हैं, जबकि कुछ सटोरिए हांगकांग से नेटवर्क जोड़कर खाईबाजी की तैयारी में जुटे हैं। पुलिस ने पुराने और चिन्हित सटोरियों पर विशेष नजर रखी हुई है। ऑनलाइन एप और कोडवर्ड से चल रहा नेटवर्क … पुलिस सूत्रों के अनुसार आईपीएल सट्टा अब पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जा रहा है। एजेंटों के नाम और रकम कंप्यूटर व लैपटॉप में कोडवर्ड के जरिए दर्ज किए जाते हैं। सट्टा खेलने के लिए उपयोग किए जाने वाले एप सामान्य रूप से डाउनलोड नहीं किए जा सकते। भरोसेमंद ग्राहकों को विशेष लिंक भेजकर एप इंस्टॉल कराया जाता है, जिसके जरिए दांव लगाए जाते हैं। हर सीजन बदलते हैं डोमेन और लिंक …. जानकारी के मुताबिक सटोरिए हर आईपीएल सीजन में नए डोमेन और यूआरएल का उपयोग करते हैं। सीजन समाप्त होते ही पुराने डोमेन बंद कर दिए जाते हैं। एक-एक एजेंट को अलग सीसी लिमिट दी जाती है, जिसके आधार पर वह रोजाना लाखों से करोड़ों रुपए तक का दांव संचालित करता है। पुलिस ने 28 मई के क्वालीफायर और 31 मई के फाइनल मुकाबले के दौरान रात में विशेष निगरानी और कार्रवाई की रणनीति तैयार की है। सुनील साहू / शहबाज / 21 मई 2026 / 02.37