पटना, (ईएमएस)। बिहार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि मंत्री निशांत ने स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़़ आधुनिक एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में निरंतर कर रहे है। राज्य के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री लगातार विभागीय कार्यों की मॉनिटरिंग एवं समीक्षा कर रहे हैं। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से जिला अस्पतालों की नियमित समीक्षा के साथ-साथ वे मरीजों से सीधे संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक भी प्राप्त कर रहे हैं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। श्री कुशवाहा ने कहा कि मंत्री निशांत विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दे रहे हैं। विभागीय स्तर पर व्यापक अभियान चलाकर पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड से जोड़़ा जा रहा है, ताकि गरीब, कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछडे़ लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु सरकारी एवं गैर-सरकारी अस्पतालों के नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही अस्पतालों के क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को और सरल बनाने की दिशा में भी कार्य हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इलाज की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी मरीजों के मेडिकल रिकाॅर्ड एवं चिकित्सा इतिहास के पूर्ण डिजिटलीकरण के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है। श्री कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते 20 वर्षों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है तथा स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंची हैं। अब मंत्री निशांत के नेतृत्व में प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर, आधुनिक एवं सुलभ सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य जारी है। संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस