अंतर्राष्ट्रीय
21-May-2026


इस्लामाबाद,(ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और राजनयिक प्रयासों के बीच, पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के तेहरान का दौरा करने की संभावना है। पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट ने इसकी जानकारी दी है, हालांकि विदेश मीडिया की कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यात्रा पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और इस पर विचार हो रहा है। पाकिस्तान इस संकट में दोनों पक्षों के बीच संदेशों के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम की भूमिका निभा रहा है। हाल के दिनों में पाकिस्तान की राजनयिक सक्रियता बढ़ गई है। पाकिस्तान के गृह मंत्री सैयद मोहसेन नकवी ने इस सप्ताह दूसरी बार तेहरान का दौरा किया, जहां उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बातचीत की। रिपोर्ट के अनुसार, इन बैठकों में हालिया क्षेत्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ अमेरिका-ईरान की अप्रत्यक्ष वार्ता और जारी राजनयिक परामर्शों की स्थिति पर गहन चर्चा हुई। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है। 8 अप्रैल से लागू युद्धविराम ने शत्रुता को भले ही विराम दिया हो, लेकिन ट्रंप ने चेतावनी दी है कि कूटनीति के मौके तेजी से सीमित होते जा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि वार्ता एक संभावित समझौते और पुनः तनाव बढ़ने के बीच नाजुक मोड़ पर है। उन्होंने कहा, अगर हमें सही जवाब नहीं मिला, तब हालात बहुत जल्दी बिगड़ सकते हैं। हम सब तैयार हैं। ट्रंप ने कहा कि राजनयिक प्रयास जल्द ही विफल हो सकते हैं यदि नतीजे संतोषजनक नहीं हुए, और हमें सही जवाब मिलने ही चाहिए। एक रिपोर्ट में बताया गया हैं कि अभी भी मुनीर के दौरे पर अंतिम निर्णय पर विचार की बात कह रही है, वहीं दूसरी ओर उनका यह संभावित दौरा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के पाकिस्तान के प्रयासों को एक नया आयाम दे सकता है। पाकिस्तान का मिशन तेहरान मध्यस्थता के लिए एक अंतिम दांव साबित हो सकता है, जिसका लक्ष्य क्षेत्र में एक बड़े संघर्ष को टालना है। आशीष दुबे / 21 मई 2026