क्षेत्रीय
21-May-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कड़ा फैसला लिया है। अब एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं की सघन जांच वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी करेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व और अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। हर महीने होगा स्थलीय निरीक्षण सभी नोडल अधिकारी हर माह अपने आवंटित क्षेत्र की एक करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद विस्तृत जांच आख्या सीधे जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। खराब गुणवत्ता पर सीधी कार्रवाई डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सख्त चेतावनी दी है कि जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब मिलने या मानकों की अनदेखी पर संबंधित कार्यदायी संस्था की सीधी जिम्मेदारी तय होगी। लापरवाही और घटिया निर्माण पर संस्था के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के साथ तत्काल ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है। इसका मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों की गुणवत्ता सुधारना, काम की गति बढ़ाना और सभी परियोजनाओं को समय सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरा कराना है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी वि/रा कल्पना जयसवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविन्द द्विवेदी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद