ग्वालियर ( ईएमएस ) | राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य-2026 के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरूण कुमार तोमर को ग्वालियर जिले का प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री तोमर 22 मई से 25 मई 2026 तक ग्वालियर जिले के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची कार्य से संबंधित कोई भी शिकायत, सुझाव अथवा जानकारी देने के लिए आम नागरिक उनसे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार के कक्ष क्रमांक-02 में प्रत्यक्ष रूप से मिल सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले की नगरीय निकाय एवं पंचायतों की 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रारूप मतदाता सूचियां तैयार की गई हैं। इन प्रारूप मतदाता सूचियों पर 15 मई से 25 मई 2026 तक अधिकृत कर्मचारियों के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं।