मुरैना ( ईएमएस ) | स्थानीय निकायों के नियोजित एवं सर्वांगीण विकास के लिए समेकित कार्य योजना आवश्यक है। हम सभी का दायित्व है कि संबंधित विभाग, विकास प्राधिकरण एवं जनप्रतिनिधिगण आपसी समन्वय स्थापित कर मुरैना के समेकित विकास की योजना तैयार करें। यह बात राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने गुरुवार को सर्किट हाउस, मुरैना में आयोजित बैठक में कही। बैठक में राज्य वित्त आयोग द्वारा जिले की पंचायतों, नगर निगम एवं अन्य नगरीय निकायों के विकास से संबंधित विषयों पर जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए। बैठक में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर,सबलगढ़ विधायक सरला रावत, मुरैना विधायक श्री दिनेश गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक में राज्य वित्त आयोग के सदस्य श्री के.के. सिंह एवं सदस्य सचिव श्री वीरेन्द्र कुमार भी मौजूद थे। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री पवैया ने कहा कि स्थानीय निकायों में वित्तीय संसाधनों के सदुपयोग एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मजबूत एवं पारदर्शी व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं के राजस्व स्रोत विकसित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मुरैना शहर एवं उसके आसपास पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए सुगम पहुंच वाले पर्यटन स्थलों का चयन किए जाने की आवश्यकता बताई। श्री पवैया ने सोलर ऊर्जा को प्रोत्साहित करने तथा सोलर प्लांट स्थापना हेतु उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन करने पर भी बल दिया। नगर निगम की आय में वृद्धि के उद्देश्य से शहर के आसपास के गांवों में सुनियोजित आवासीय कॉलोनियों के विकास का सुझाव भी उन्होंने दिया। बैठक में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था एवं आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव बैठक में उपस्थित वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगणों ने नगर निगम की राजस्व वसूली को और अधिक प्रभावी बनाने, मुरैना शहर में पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम करने तथा जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही शहरवासियों को सफाई एवं अन्य करों का समय पर भुगतान करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। संभागीय आयुक्त एवं कलेक्टर ने किया आत्मीय स्वागत उल्लेखनीय है कि नवगठित छठवां राज्य वित्त आयोग जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में चंबल संभाग के दौरे पर है। इसी क्रम में यह बैठक आयोजित की गई। श्री पवैया के सर्किट हाउस आगमन पर संभागीय आयुक्त सुरेश कुमार एवं कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।