21-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। एअर इंडिया की दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट गुरुवार को केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक बड़े हादसे का शिकार होने से बची, जब उसका पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। घटना को विमानन भाषा में टेल स्ट्राइक कहते है। हालांकि, फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से उतारा गया और विमान में सवार सभी 181 यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। किसी के भी घायल होने की कोई सूचना नहीं है। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिसमें विमान के पिछले हिस्से पर खरोंच के निशान साफ दिख सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, यह हादसा लैंडिंग से ठीक पहले हुआ जब विमान वेक टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि यह वेक टर्बुलेंस पास में ही उड़ान भर रहे एक वाइड-बॉडी विमान के कारण उत्पन्न हुई थी, जिससे एअर इंडिया फ्लाइट का संतुलन बिगड़ गया। लेकिन पायलट को संभावित खतरे का अंदेशा होने पर नियमों के तहत गो-अराउंड करने का फैसला किया। गो-अराउंड का मतलब है कि पायलट लैंडिंग टालकर विमान को वापस हवा में ले जाता है, ताकि स्थिति सामान्य होने पर सुरक्षित लैंडिंग का दूसरा प्रयास हो सके। इस प्रक्रिया के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया। घटना के तुरंत बाद, विमान को गहन जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी है, और नागरिक उड्डयन नियामक डीजीसीए को भी घटना की विस्तृत जानकारी दे दी गई है। इस घटना के कारण, बेंगलुरु से दिल्ली के लिए निर्धारित वापसी उड़ान को रद्द किया गया है। एअर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उनकी ग्राउंड टीम यात्रियों की सहायता कर रही है। आशीष दुबे / 21 मई 2026