21-May-2026
...


-कॉकरोच जनता पार्टी पर प्रतिबंध: योगेंद्र यादव ने केंद्र सरकार को बताया खोखला चुटकुला नई दिल्ली (ईएमएस)। व्यंग्यात्मक डिजिटल प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का एक्स अकाउंट भारत में प्रतिबंधित किया गया है। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देकर जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो सरकार एक चुटकुला भी नहीं सह सकी, वह खुद एक चुटकुला है। सामाजिक कार्यकर्ता यादव ने इस प्रतिबंध को केंद्र सरकार की घबराहट और खोखलेपन का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया। सामाजिक कार्यकर्ता के अनुसार, ये बाहर से जितने भी ताकतवर दिखते हो, अंदर से उनते ही खोखले हैं और घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के सिंबल के पीछे देश के नौजवानों और युवतियों का गुस्सा है, और उनके साथ खड़े होना हमारी जिम्मेदारी है। सामाजिक कार्यकर्ता यादव ने लोगों से सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट को फॉलो करने की अपील कर चेतावनी दी कि ऐसी कोई भी हरकत न करें जिससे केंद्र सरकार को बहाना मिले, क्योंकि सरकार बहाने की तलाश में होगी। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार के इस कदम को बड़ी गलती करार दिया है। प्रतिबंध के तुरंत बाद, उन्होंने एक्स पर कॉकरोच इज बैक नाम से एक नया हैंडल शुरू किया, जिसने एक घंटे से अधिक समय में 16,800 से अधिक फॉलोअर्स जुटा लिए। दीपके ने बताया कि मूल सीजेपी अकाउंट के 201,000 फॉलोअर्स थे और उनकी टीम इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी। यह व्यंग्यात्मक प्लेटफॉर्म भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा एक वकील को फटकार लगाकर परजीवियों और कॉकरोचों का जिक्र करने के विवाद के बाद अस्तित्व में आया था। हालांकि, बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी को गलत समझा गया और यह विशेष रूप से फर्जी डिग्रियों के माध्यम से कानून के पेशे में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए थी। मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी के ठीक एक दिन बाद, 15 मई को कॉकरोच जनता पार्टी लांच हुई और तेजी से वायरल हुई। आशीष दुबे / 21 मई 2026