21-May-2026
...


-कंप्यूटर ड्रा से चुने गए 1000 यात्री, जून से अगस्त तक चलेगी पवित्र यात्रा नई दिल्ली,(ईएमएस)। कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 पर जाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कंप्यूटर ड्रा के माध्यम से इस वर्ष यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की अंतिम सूची जारी कर दी है। यात्रियों का चयन पूरी तरह कंप्यूटर-जनरेटेड रैंडम प्रक्रिया से किया गया है, जिसमें महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की बराबर भागीदारी का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस वर्ष कुल 1,000 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। यात्रा जून 2026 से शुरू होकर अगस्त तक चलेगी। चुने गए यात्रियों को 20 अलग-अलग बैचों में भेजा जाएगा और प्रत्येक बैच में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी और बैच डिटेल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अब आसान होगा सफर, कम करनी पड़ेगी पैदल यात्रा इस बार यात्रा के लिए दो प्रमुख रूट तय किए गए हैं — लिपुलेख दर्रा और नाथू ला दर्रा। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि दोनों मार्ग अब पूरी तरह मोटरेबल हो चुके हैं। यानी श्रद्धालुओं को पहले की तरह कठिन पैदल ट्रैकिंग नहीं करनी पड़ेगी और ज्यादातर सफर वाहन के जरिए पूरा किया जा सकेगा। एसएमएस और ईमेल से मिलेगा नोटिफिकेशन विदेश मंत्रालय के अनुसार जिन श्रद्धालुओं का चयन हुआ है, उन्हें एसएमएस और ईमेल के माध्यम से सूचना भेज दी गई है। यात्री आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग-इन करके भी अपना चयन स्टेटस देख सकते हैं। यदि किसी यात्री को बैच या रूट से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वे हेल्पलाइन नंबर 011-23088214 पर संपर्क कर सकते हैं। यात्रा के लिए जरूरी नियम और शर्तें रूट और बैच बदलना होगा मुश्किल : कंप्यूटर ड्रा में जो रूट और बैच आवंटित किया गया है, उसमें बदलाव सामान्य परिस्थितियों में नहीं किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में ही बदलाव की अनुमति मिल सकती है और अंतिम फैसला विदेश मंत्रालय का होगा। समय पर जमा करनी होगी एडवांस राशि: चयनित श्रद्धालुओं को निर्धारित अंतिम तारीख से पहले केएमवीएन या एसटीडीसी के बैंक खाते में एडवांस राशि जमा करनी होगी। यह राशि नॉन-रिफंडेबल होगी। समय पर भुगतान नहीं करने पर रद्द होगा चयन: यदि तय समय सीमा तक भुगतान नहीं किया गया, तो चयन स्वतः रद्द कर दिया जाएगा और संबंधित यात्री को वेटिंग लिस्ट में डाल दिया जाएगा। उसकी जगह दूसरे श्रद्धालु को मौका दिया जाएगा। दिल्ली पहुंचने से पहले ऑनलाइन कन्फर्मेशन जरूरी: श्रद्धालुओं को यात्रा पर आने से पहले वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन री-कन्फर्मेशन भी करना होगा। ऐसा नहीं करने पर चयन रद्द किया जा सकता है। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल कैलाश मानसरोवर यात्रा आस्थावान श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पवित्र मानी जाती है। यात्रा सूची जारी होने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और लोग अब अपनी यात्रा की तैयारियों में जुट गए हैं। हिदायत/ईएमएस 21मई26