-कई क्षेत्र ऐसे जाहं बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग -उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव का प्रकोप नई दिल्ली,(ईएमएस)। देशभर में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य इस समय भीषण लू की चपेट में हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई इलाकों में तापमान 43 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों की सेहत, जल संकट और वन्यजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जबकि गांवों में लोग पीने के पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भीषण गर्मी का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बुजुर्ग, बच्चे और कमजोर लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया है। तेज गर्मी के चलते अस्पतालों में दस्त, उल्टी, बुखार, डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक के मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार तेज गर्मी और लापरवाही लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इस समय देश के सबसे गर्म इलाकों में राजस्थान का फतेहपुर शेखावाटी शामिल है, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। तेज और गर्म हवाओं के कारण लोगों को 46 डिग्री जैसी तपिश महसूस हो रही है। राहत की बात यह भी नहीं है कि रात का तापमान भी 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। लगातार गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। पानी और बिजली की किल्लत ने परेशानियां और बढ़ा दी हैं। झारखंड में जल संकट मीडिया रिपोर्ट के अनुसार झारखंड के जमशेदपुर में पीने के पानी की भारी समस्या खड़ी हो गई है। शहर के लोग पानी के टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी गंभीर हैं। कुएं और हैंडपंप सूख चुके हैं। लोग गड्ढों और सूखते जलस्रोतों से पानी इकट्ठा करने को मजबूर हैं। साफ पानी की कमी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। कई किमी दूर से लाना पड़ रहा पानी मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के खरचा गांव में जल संकट ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। गांव के कुएं, तालाब और नाले सूख चुके हैं। महिलाएं और बच्चे कई किलोमीटर पैदल चलकर पानी ला रहे हैं। सिर पर बर्तन रखकर तेज धूप में पानी ढोना यहां के लोगों की रोजमर्रा की मजबूरी बन चुका है। जानवरों पर भी गर्मी की मार ऐसा नहीं कि गर्मी का असर सिर्फ मानव पर पड़ रहा है, बल्कि इससे पशुओं पर भी खासा असर हुआ है। झारखंड में तो बढ़ती गर्मी और पानी के स्रोत सूख जाने के कारण जंगली जानवर भी ग्रामीण इलाकों का रुख कर रहे हैं। जंगलों में पानी और भोजन की कमी के कारण जंगली जानवरों के गांवों और बाजारों की ओर आने की खबरें हैं। ऐसे में दयालु और जिम्मेदार स्थानीय लोग इन जानवरों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करते भी नजर आए हैं। जल्द मॉनसून आने से राहत की उम्मीद भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि राहत की खबर यह है कि इस बार मॉनसून सामान्य से पहले दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हिदायत/ईएमएस 21मई26