21-May-2026
...


- विद्यार्थियों ने मानव शरीर रचना विज्ञान की उत्कृष्ट समझ का किया प्रदर्शन भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण को मजबूत बनाने के लिए लगातार नई पहल कर रहा है। इसी क्रम में शरीर रचना विज्ञान विभाग द्वारा एमबीबीएस बैच 2025-26 के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक डिसेक्शन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 125 विद्यार्थियों ने 18 टीमों के रूप में भाग लिया और मानव शरीर के विभिन्न संरक्षित नमूनों को वैज्ञानिक तरीके से प्रस्तुत किया। डिसेक्शन चिकित्सा शिक्षा का एक महत्वपूर्ण भाग है, जिसमें मानव शरीर के अंगों और संरचना का अध्ययन व्यावहारिक रूप से किया जाता है। इससे विद्यार्थियों को शरीर के विभिन्न अंगों की स्थिति, कार्य और आपसी संबंधों को समझने में मदद मिलती है। कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानव शरीर की संरचना की बेहतर समझ विकसित करना, टीमवर्क को बढ़ावा देना तथा चिकित्सा शिक्षा को अधिक व्यावहारिक बनाना था। इस प्रतियोगिता का आयोजन एम्स भोपाल के शरीर रचना विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. (डॉ.) प्रशांत चावरे तथा डॉ. कुसुम गांधी (अतिरिक्त प्रोफेसर) ने शरीर रचना विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) बर्था ए.डी. रथिनम के मार्गदर्शन में किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. श्याम लाल (प्रोफेसर, सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग) और डॉ. शैला सिदाम (एसोसिएट प्रोफेसर, ईएनटी विभाग) ने किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मिस देवश्री, दीपांशु, दुदिमनी अक्षय कीर्तन, फटाले आदित्य, गुरमीत कोरी और गौतम यशस्वी की टीम को मिला। द्वितीय पुरस्कार आर्यमान सिंह, तिडके शिवानंद विष्णु, उद्भव मिश्रा, उन्नति गर्ग, वैभव पोरवाल, वरद नरवाडे और वेदांत लकड़े की टीम को प्रदान किया गया। तृतीय पुरस्कार ऋषिक लाल, रितिका राठौड़, रोहित यादव, रुचिता, रुद्रप्रताप और रुद्रांश प्रियम की टीम को दिया गया। सांत्वना पुरस्कार हादिया सिद्धार्थ, हर्ष भूरे, हर्षित सिंह, हेमराजानी राजवीर, हिमांशु चौधरी, ईशान असवार, जयदीप राठौर तथा वेदांत मनीष अग्रवाल, विकास गहरवार, वाघमारे मकरंद निवृत्ति, यश लोहिया, यशराज सोनवणे और जाहरा मोहम्मद अली सोमजी की टीमों को प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में तैयार नमूनों को अब शरीर रचना विज्ञान विभाग के संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा।