शाजापुर (ईएमएस)। आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा और देश में कंप्यूटर व संचार क्रांति की नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि गुरुवार को शहर के महूपुरा वार्ड नंबर 05 में गरिमा के साथ मनाई गई। इस मौके पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर देश के विकास में उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण किया और उनके बताए शांति व सद्भावना के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह ने कहा कि राजीव गांधी जी ने हमेशा एक मजबूत और तकनीकी रूप से उन्नत भारत का सपना देखा था। युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देना और पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ कर सत्ता का विकेंद्रीकरण करना उनकी दूरगामी सोच का ही परिणाम था। उन्होंने कहा कि आज के दौर में राजीव जी के आदर्शों और उनके द्वारा स्थापित किए गए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उनके सर्वोच्च बलिदान को यह देश कभी भुला नहीं सकता। इस दौरान पूर्व विधायक प्रतिनिधि सरदार मूसा आजम खान ने कहा कि 21वीं सदी के भारत की जो मजबूत नींव राजीव जी ने रखी थी, उसी पर आज का आधुनिक भारत खड़ा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूर्व प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय एकता, शांति और विकास के विजन को आत्मसात करें और समाज में सद्भाव बनाए रखें। कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पंडित आशुतोष शर्मा, मनोज गवली, सौरभ गवली, राजेश पारछे, मांगीलाल बंजारा, सत्या वात्रे, धर्मेंद्र प्रजापति, अंकित अम्बवतिया, अजीज मंसूरी, रेहान खान, रईस पठान, बालकृष्ण पटोंदा, साजिद कुरैशी, कासिम बाबा, एजाज पठान, अरबाज खान, रानू मिर्जा, शेख सूफियान, सद्दाम शाह सहित कांग्रेस नेता एवं स्थानीय नागरिक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।