शाजापुर (ईएमएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिजाना मार्ग पर सुबह इंदौर से ग्वालियर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन में पीछे से जा घुसी। इस दुर्घटना में कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और 108 एंबुलेंस की त्वरित मदद से तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरूवार सुबह करीब 5.30 बजे की है। एक कार इंदौर से ग्वालियर की ओर जा रही थी। इसी बीच शाजापुर के समीप बिजाना मार्ग पर कार अचानक अपने आगे चल रहे एक अन्य वाहन के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची। ड्यूटी पर तैनात राजेंद्र और अशोक ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने 108 एंबुलेंस स्टॉफ की मदद से सभी गंभीर घायलों को सुरक्षित निकाला और उन्हें तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का उपचार जारी है। इस पूरी घटना की विस्तृत जानकारी राज सिकरवार द्वारा दी गई है।