बदायूं (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक सनसनीखेज डकैती का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में कच्छा-बनियान धारी बदमाशों के एक गिरोह ने देर रात एक किसान के घर में घुसकर लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर मौके से फरार हो गए। घटना में घायल दंपति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना इस्लामनगर कस्बे की नई बस्ती की है, जहां किसान नजाकत अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि देर रात बदमाश घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। एक बदमाश ने अंदर से मुख्य दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद उसके अन्य साथी भी घर में घुस आए। घर में हलचल होने पर नजाकत की नींद खुल गई। उन्होंने जब विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी मिस्कीन बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की। परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटा गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। पीड़ित नजाकत के मुताबिक बदमाश करीब 1.25 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए। वारदात के बाद बदमाश परिवार को बंधक बनाकर फरार हो गए। किसी तरह खुद को छुड़ाने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। डकैतों ने केवल एक ही घर को निशाना नहीं बनाया, बल्कि पास के सिठौली गांव में भी कई घरों में चोरी और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। बदायूं के एसपी देहात हृदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस की चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। चन्द्रबली सिंह / 21/05/2026