राज्य
21-May-2026
...


- आरोप-क्लासरूम की कमी से हॉस्टल के मनोरंजन कक्ष में लग रहीं कक्षाएं - छात्राओं को फेल करने की धमकी देने का भी आरोप - नर्सिंग कॉलेज मामले में शिकायत कर कि कार्यवाही की मांग भोपाल(ईएमएस)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मुख्यमंत्री , मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के आयुक्त एवं गांधी चिकित्सा महाविद्यालय स्वशासी समिति, भोपाल के अधिष्ठाता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत कर गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के नर्सिंग कॉलेज में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं, छात्राओं के साथ हो रही मानसिक प्रताड़ना तथा कॉलेज भवन के दो महत्वपूर्ण कक्षों पर प्रभारी प्रोफेसर एवं स्टाफ नर्स रजनी नायर द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जे के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने बताया कि गांधी मेडिकल नर्सिंग कॉलेज की अनेक छात्राओं शिकायतों के माध्यम से बताया कि कॉलेज भवन में स्थित नोडल अधिकारी गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं विभागाध्यक्ष (एचओडी) एम.एस.एम. के दोनों कक्षों पर लंबे समय से अनधिकृत रूप से कब्जा किया गया है। इन कक्षों का उपयोग शैक्षणिक गतिविधियों के बजाय निजी उपयोग हेतु किए जाने के कारण कॉलेज में कक्षाओं के संचालन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। - छात्रावास के मनोरंजन कक्ष में लगाई जा रही कक्षांए रवि परमार ने आगे बताया कि नर्सिंग कॉलेज की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है, कि पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग प्रथम वर्ष की कक्षाएं कॉलेज भवन में संचालित न होकर छात्रावास के मनोरंजन कक्ष में लगाई जा रही हैं। छात्राओं का कहना है कि मनोरंजन कक्ष अध्ययन हेतु उपयुक्त नहीं है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अतिरिक्त छात्रावास में छात्राओं के मानसिक तनाव को कम करने एवं मनोरंजन के उद्देश्य से बनाए गए इस कक्ष का उपयोग भी अब वे नहीं कर पा रही हैं। - शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्यवाही संगठन के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने आरोप लगाते हुए कहा कि छात्राओं द्वारा इस संबंध में पूर्व में भी कई बार कॉलेज प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा शिकायत करने वाली छात्राओं को आंतरिक परीक्षाओं में नुकसान पहुंचाने, फेल करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की धमकियां दी जा रही हैं। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाए हैं कि प्रभारी प्रोफेसर रजनी नायर द्वारा पूर्व में भी कई छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार एवं मानसिक प्रताड़ना की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे कृत्य न केवल शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि छात्राओं के भविष्य एवं मनोबल पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डाल रहे हैं। संगठन ने इन सभी समस्याओ को तत्काल दूर करने के साथ ही चेतावनी दी है, कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन छात्रहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की होगी। जुनेद / 21 मई