० जल संरक्षण, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, विकास कार्यों की मॉनिटरिंग और राजस्व वसूली पर विशेष जोर रायपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने आज नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक जोन में पंजीकृत जियो-हाइड्रोलॉजिस्ट एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से अधिकाधिक स्थानों पर रैन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं विकसित की जाएं। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। आयुक्त ने जिला मलेरिया विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर वेक्टर जनित रोगों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों को मलेरिया, डेंगू एवं अन्य बीमारियों के लक्षण और बचाव उपायों की जानकारी देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को बारिश पूर्व नालों एवं नालियों की तली तक सफाई, एंटी लार्वा फॉगिंग तथा जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त श्री मिश्रा ने जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियंताओं को निर्देशित किया कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। गर्मी में जल संकट की समस्या को देखते हुए आयुक्त ने कार्यपालन अभियंता जल विभाग को रिक्त शासकीय भूमियों का सर्वे कर नए जलागार निर्माण हेतु तकनीकी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही शहर के सभी पानी टैंकरों में अनिवार्य रूप से जीपीएस लगाने तथा खराब एवं अनुपयोगी हैंडपंपों का सर्वे कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार आयुक्त ने आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर 25 मई 2026 तक चलने वाले विशेष महाअभियान के तहत डोर-टू-डोर सर्वे कर कार्ड निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जनगणना 2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने त्रुटिरहित कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जनगणना कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई। इसके साथ ही संपत्तिकर अभिलेखों के अद्यतन, नई संपत्तियों के समावेश तथा कर वसूली सुदृढ़ीकरण के निर्देश देते हुए जोन कमिश्नरों एवं सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिकतम राजस्व वसूली सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में अपर आयुक्तगण, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निवेशक, कार्यपालन अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।