:: ट्रांस फैट उन्मूलन पर स्टेकहोल्डर ओरिएंटेशन कार्यक्रम संपन्न :: इंदौर (ईएमएस)। खान-पान के मामले में देश की खाद्य राजधानी के रूप में मशहूर इंदौर को अब स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी आदर्श बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में ट्रांसफॉर्म परियोजना के अंतर्गत शहर में ट्रांस फैट उन्मूलन पर एक महत्वपूर्ण स्टेकहोल्डर ओरिएंटेशन कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया गया। यह विशेष आयोजन जपाइगो (JHPIEGO) द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) तथा स्वास्थ्य विभाग इंदौर के सहयोग से किया गया, जिसे वैश्विक संस्था रिजॉल्व टू सेव लाइव्स (आरटीएसएल) का समर्थन प्राप्त है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी, प्रयोगशाला प्रभारी विक्टर जोसेफ, RTSL की वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार डॉ. स्वाति भारद्वाज एवं जपाइगो की डॉ. ज्योति बनावरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर आरटीएसएल के तकनीकी सलाहकार मिर्ज़ा आदिल बेग भी उपस्थित थे। :: छप्पन दुकान और सर्राफा एसोसिएशन ने दिखाई एकजुटता :: इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और एफडीए इंदौर के वरिष्ठ अधिकारियों सहित शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में इंदौर होटल एसोसिएशन, बेकरी एसोसिएशन, डेयरी संचालकों, खाद्य प्रयोगशालाओं के प्रतिनिधियों के साथ-साथ शहर के प्रसिद्ध फूड हब छप्पन दुकान और सर्राफा एसोसिएशन से जुड़े 40 से अधिक प्रमुख हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने भोजन में मौजूद ट्रांस फैट के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों, भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के कड़े नियमों और सुरक्षित तेल विकल्पों के उपयोग के बारे में विस्तार से तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान होटल एसोसिएशन के सदस्यों के लिए एक विशेष मार्गदर्शिका पुस्तक का विमोचन भी किया गया। :: संकल्प को यादगार बनाने के लिए लगा सेल्फी बूथ :: कार्यक्रम का समापन एक बेहद प्रेरणादायक और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी खाद्य व्यवसायियों और अधिकारियों ने इंदौर को ट्रांस फैट मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाने के लिए आयोजन स्थल पर एक विशेष सेल्फी बूथ भी लगाया गया था, जहां सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक तस्वीरें खिंचवाईं। जपाइगो संस्था की ओर से विश्वास व्यक्त किया गया कि इंदौर के जागरूक खाद्य व्यवसायी और स्थानीय प्रशासन मिलकर जल्द ही इस शहर को मध्य प्रदेश में ट्रांस फैट उन्मूलन का एक आदर्श जिला (मॉडल डिस्ट्रिक्ट) साबित करेंगे। इस पूरी कार्यशाला का संयोजन एवं कुशल संचालन जपाइगो की टीम से भूमिका सीरवानी, शाहीद अहमद लस्कर और आदर्श सुकुमारन द्वारा किया गया। प्रकाश/21 मई 2026