नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। राजस्थान में कांग्रेस और छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा किए गए। विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। देश में पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत व सुरक्षित व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि जब प्रधानमंत्री इटली में “टॉफी खिलाते हुए रील ” बना रहे थे, तब देश के युवा पेपर लीक से परेशान होकर सड़कों पर न्याय की मांग कर रहे थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है और कई छात्रों ने मानसिक दबाव में अपनी जान तक गंवा दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले में न तो जिम्मेदारी ली और न ही शिक्षा मंत्री को हटाया। राहुल गांधी ने बीजेपी शासित राज्यों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उनके मुताबिक, जो सरकार छात्रों के सवालों का जवाब लाठियों से देती है, वह जवाबदेही नहीं बल्कि डर की राजनीति करती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य की लड़ाई लड़ती रहेगी और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पारदर्शी व सुरक्षित परीक्षा प्रणाली की मांग जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि यह संघर्ष उन सभी छात्रों के लिए है, जिनका भविष्य सरकार की कथित नाकामी की वजह से प्रभावित हुआ है। चन्द्रबली सिंह / 21/05/2026