इन्दौर (ईएमएस) मेघदूत गार्डन में मॉर्निंग वॉकर क्लब के सदस्यों ने शहर में गहराते जलसंकट को लेकर मचे हाहाकार के बीच आज सुबह एकजुट होकर जल संरक्षण का संकल्प लिया और पानी बचाओ, भविष्य बचाओ के संदेश के साथ आम नागरिकों को भी पानी के महत्व को समझने का आह्वान किया। क्लब के सदस्य संजय जैन, कैलाश चौधरी, संतोष शर्मा, कमल पाहवा ने कहा कि बढ़ती गर्मी और जल संकट को देखते हुए अब समय आ गया है कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और पानी बचाने की दिशा में ठोस कदम उठाए। बता दें कि मेघदूत गार्डन के मॉर्निंग वॉकर क्लब में सैकड़ों सदस्य हैं। आज सुबह सभी ने दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और महिलाओं की भी भागीदारी देखने को मिली। आनंद पुरोहित/ 21 मई 2026