वॉशिंगटन (ईएमएस)। हाल ही में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरिक्ष की एक ऐसी दुर्लभ तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर ने वैज्ञानिकों के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है। साझा की तस्वीर में प्रसिद्ध पिनव्हील गैलेक्सी दिखाई दे रही है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में मेसियर-101 या एम-101 कहा जाता है। यह विशाल गैलेक्सी बैंगनी और गुलाबी रंगों में चमकती नजर आ रही है और इसकी खूबसूरती सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। यह तस्वीर नासा के चंद्रा एक्स-रे ऑब्जरवेटरी द्वारा तैयार की गई है, जिसमें अन्य आधुनिक टेलीस्कोपों से प्राप्त आंकड़ों को भी शामिल किया गया है। वैज्ञानिकों ने एक्स-रे डेटा को बैंगनी और गुलाबी रंगों में प्रदर्शित किया है, जबकि दृश्य प्रकाश और इन्फ्रारेड तरंगों को अलग-अलग रंगों के साथ मिलाकर यह कंपोजिट इमेज बनाई गई है। इस तकनीक की मदद से वैज्ञानिक गैलेक्सी के भीतर चल रही गतिविधियों, तारों के जन्म और ऊर्जा के स्रोतों को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार पिनव्हील गैलेक्सी में एक ट्रिलियन यानी एक हजार अरब से भी अधिक तारे मौजूद हैं। यह गैलेक्सी पृथ्वी से लगभग 21 से 25 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। इसकी चौड़ाई करीब 1 लाख 70 हजार प्रकाश वर्ष मानी जाती है, जो हमारी मिल्की वे गैलेक्सी से लगभग दोगुनी है। इसकी सर्पिल भुजाओं में गैस और धूल के विशाल बादल फैले हुए हैं, जहां लगातार नए तारों का निर्माण हो रहा है। गर्म और नीले रंग के युवा तारे इस गैलेक्सी को और अधिक चमकदार बनाते हैं। नासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इस तस्वीर को साझा करते हुए बताया कि इस तरह की कंपोजिट तस्वीरें वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड की जटिल प्रक्रियाओं को समझने में बड़ी मदद करती हैं। पिनव्हील गैलेक्सी विशेष रूप से सक्रिय स्टार फॉर्मेशन वाले क्षेत्रों के लिए जानी जाती है और इसे ब्रह्मांड की सबसे सुंदर सर्पिल गैलेक्सियों में गिना जाता है। यह गैलेक्सी उत्तरी गोलार्ध में उरसा मेजर तारामंडल यानी बिग डिपर के पास स्थित है। साफ और अंधेरी रात में छोटे टेलीस्कोप या दूरबीन की मदद से इसे देखा जा सकता है। इसकी खोज वर्ष 1781 में फ्रांसीसी खगोलशास्त्री पियरे मेचैन ने की थी, जो प्रसिद्ध वैज्ञानिक चार्ल्स मेसियर के सहयोगी थे। सुदामा/ईएमएस 22 मई 2026