खेल
22-May-2026
...


पेरिस (ईएमएस)। यहां अगले माह 29 जून से शुरु हो रहे विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में स्पेन के टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज़ खेलते हुए नहीं दिखेंगे। अल्काराज़ ने कलाई की गंभीर चोट के कारण इस वर्ष के विंबलडन और क्वींस क्लब टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। इससे उनके प्रशंसकों में निराशा का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि अल्काराज़ जैसे स्टार खिलाड़ी के नहीं होने से टूर्नामेंट का आकर्षण घटेगा। कार्लोस अल्काराज़ को इस समय टेनिस के सबसे आक्रामक और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल किया जाता है पर उनकी यह चोट इस पूरे सीजन की तस्वीर को बदलने वाली साबित हुई है। इसी कारण उन्हें आधिकारिक तौर पर घोषणा करना पड़ी है कि वह आगामी विंबलडन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। ज्ञात हो कि उन्हें पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के दौरान दाहिने हाथ की कलाई में चोट लगी थी, जिसके बाद से वे कोर्ट से बाहर हैं। यह चोट अल्काराज़ को बार्सिलोना ओपन के शुरुआती मुकाबले में महसूस हुई थी। दर्द बढ़ने के कारण उन्हें दूसरे दौर का मैच बीच में ही छोड़ना पड़ा। इस घटना के बाद, उन्होंने पूरे क्ले कोर्ट सत्र से भी दूरी बना ली थी, जिसमें ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन भी शामिल था। उनकी अनुपस्थिति ने कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं को प्रभावित किया है।इस खिलाड़ी ने एक बयान में कहा कि उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है और वे अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रतिस्पर्धी मुकाबले खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं हैं। इसी वजह से उन्होंने क्वींस क्लब और विंबलडन से हटने का यह मुश्किल फैसला लिया है। उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि ये दोनों प्रतियोगिताएं उनके लिए बेहद खास हैं और उन्हें इन्हें नहीं खेल पाने का गहरा दुख रहेगा। गौरतलब है कि अल्काराज़ पिछले साल के फ्रेंच ओपन चैंपियन रहे थे, जहाँ उन्होंने फाइनल में इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनर को हराया था। वहीं, पिछले साल वे विंबलडन के फाइनल तक भी पहुंचे थे, जहाँ यानिक सिनर ने ही उन्हें चार सेटों के रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी थी। उनकी यह अनुपस्थिति निश्चित रूप से इन बड़े टूर्नामेंट्स की चमक को थोड़ा फीका करेगी। गिरजा/ईएमएस 22 मई 2026