22-May-2026
...


- उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को जारी किए आदेश भोपाल (ईएमएस)। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का वर्ष 2025 में आयोजित सभी प्रकार की परीक्षाओं का क्रेडिट डाटा, अंकसूची एवं उपाधि संबंधी जानकारी एनएडी-डिजिलॉकर पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग और स्वशासी कॉलेजों को आदेश जारी किया है। अब इन सभी को विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों को एनएडी-डिजिलॉकर पोर्टल पर तय समय में और बिना कोई गलती किए अपलोड करना होगा। विभाग ने निर्देश जारी किए कि वर्ष 2025 में आयोजित हुई सभी प्रकार की परीक्षाओं का क्रेडिट डाटा, अंकसूची और उपाधि संबंधी जानकारी को हर हाल में 30 जून तक डिजिलॉकर पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके लिए सभी कॉलेजों व विश्वविद्यालयों को वर्ष 2025 की परीक्षाओं के लंबित परिणाम जल्द घोषित करने और 15 जून तक सारा डाटा अनिवार्य रूप से तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। प्रोविजनल उपाधि एनएडी-डिजिलॉकर पोर्टल पर अपलोड न करें विभाग ने अपने दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की प्रोविजनल उपाधि एनएडी-डिजिलॉकर पोर्टल पर अपलोड नहीं की जाए। साथ ही अंकसूची और क्रेडिट डाटा अपलोड करते समय संबंधित पाठ्यक्रम का एनसीआरएफ लेवल स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य किया गया है। सभी विश्वविद्यालय अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत संचालित स्वशासी महाविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की उपाधि, अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद शीघ्र डिजिलॉकर पोर्टल पर अपलोड करें। विनोद / 22 मई 26