क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- शादी, पार्टी में बेचता था ऊंचे दामों पर कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा कोतवाली थाना की मानिकपुर चौकी पुलिस ने रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए एक दुकान संचालक के पास से भारी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में कथित आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा हैं की उसके द्वारा पार्टी और अन्य कार्यक्रमों में अवैध पटाखे को ऊंचे दामों पर बेचता था। जब्त पटाखों की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस को मुखबीर सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी झोपड़ी इलाके में कथित आरोपी बिना लाइसेंस के बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर रहा है। बताया गया कि इन पटाखों को उसके द्वारा पार्टी और अन्य कार्यक्रमों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस ने दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से कार्टून और बोरियों में भरे पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 15 प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। इनमें स्काई शॉट, टाइगर बम, मिर्ची फटाका, रेड बुश स्काई शॉट, लाड़ी, रोसा लारी, लहसून फटाका, करोना बम और माचिस फटाका सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार, कथित आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। गिरफ्तार कथित आरोपी रेलवे कॉलोनी झोपड़ी क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच ऐसे गोदाम कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। पुलिस ने कहा हैं कि आने वाले दिनों में अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ और भी कार्यवाही की जाएगी। 22 मई / मित्तल