राज्य
22-May-2026
...


हीट वेव के मद्देनजर विशेष इंतजाम के निर्देश अलीगढ़ (ईएमएस) । संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवाओं की प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल प्रबंधकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का संचालन करते हुए अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा 24 मई को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। महानगर क्षेत्र में परीक्षा आयोजन के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 4467 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हीट वेव का प्रभाव अत्यधिक है, इसलिए परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत पेयजल, विद्युत, पंखे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को वेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम का गहन अध्ययन कर आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कक्षों में जैमर लगाए जाएंगे और पावर प्वाइंट एवं विद्युत व्यवस्थाओं की पूर्व जांच कर ली जाए। मोबाइल फोन के प्रयोग एवं सुरक्षा मानकों के संबंध में भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रः- नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, वार्ष्णेय महाविद्यालय, चम्पा अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, डीएवी इंटर कॉलेज, रतन प्रेम डीएवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, टीकाराम कन्या महाविद्यालय को परीक्षा कंेद्र बनाया गया है। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. विपिन कुमार वार्ष्णेय सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारी, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा विद्यालय प्रबंधक उपस्थित रहे। ईएमएस / 22/05/2026