देहरादून (ईएमएस)। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने शिलांग में महानिदेशालय असम राइफल्स के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस अवसर पर पीएनबी बैंक की प्रमुख योजना ‘‘पीएनबी रक्षक प्लस’’ के तहत असम राइफल्स के सभी सेवारत कर्मियों और पेंशनभोगियों को बढ़े हुए बीमा कवरेज और अन्य लाभों के साथ सेवाओं का एक विशेष पैकेज पेश कर रहा है। असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेडा के साथ-साथ बैंक के मुख्य रक्षा बैंकिंग सलाहकार मेजर जनरल डीएस बिष्ट (सेवानिवृत्त) और महाप्रबंधक संजीव भारद्वाज की उपस्थिति में इस समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। इस समझौते पर महानिदेशालय असम राइफल्स की ओर से ब्रिगेडियर संदीप चटर्जी, एसएम और पीएनबी की ओर से अंचल प्रबन्धक (गुवाहाटी) बिजेंद्र सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एमओयू में व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा 100 लाख रूपए, हवाई दुर्घटना बीमा 150 लाख रूपए, पूर्ण व आंशिक दिव्यांगता कवरेज 100 लाख रूपए, सैन्य अभियानों के दौरान मृत्यु पर अतिरिक्त कवरेज 10 लाख रूपए प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान इसके अलावा, उन्हें स्वास्थ्य बीमा कवरेज, रिटेल लोन में रियायतें, और रक्षक खाताधारकों के आश्रितों एवं परिवारों के लिए विशेष योजनाओं जैसे कई अन्य लाभ भी प्रदान किए जा रहे हैं। बैंक सशस्त्र बलों के समुदाय को सहयोग देने और उनका सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रतिबद्धता को कायम रखेगा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/22 मई 2026