हाथरस (ईएमएस) । ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, अभियोजन कार्यों तथा नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म (एनसीओआरडी) समिति की बैठक की।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कुर्बानी के बाद अवशेषों एवं रक्त के वैज्ञानिक और स्वच्छ निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नमाज केवल मस्जिदों में ही अदा की जाएगी और सड़कों या सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी।उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन एवं कूड़ा ट्रॉलियां उपलब्ध कराने तथा आवारा पशुओं की रोकथाम सुनिश्चित करने को भी कहा गया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने सभी थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर शासन की गाइडलाइन से लोगों को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न किए जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को गंभीर आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई, दूध, घी, तेल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावट पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाने तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश भी दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, अभियोजन अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस / 22/05/2026