राज्य
22-May-2026


* पिता के सामने बेटे पर हमला, रापर में सनसनी; नाबालिग समेत तीन आरोपी पुलिस हिरासत में कच्छ (ईएमएस)| जिले के रापर में मामूली कहासुनी एक पल में खूनी संघर्ष में बदल गई। केवल छाछ मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 25 वर्षीय युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। पिता की आंखों के सामने बेटे पर हुए जानलेवा हमले से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला महेबूब रियासतअली शेख अपने परिवार के साथ रापर के दुबरियावाड़ी क्षेत्र में रहकर स्थानीय चिकन बिरयानी की दुकान पर काम करता था। गुरुवार शाम दुकान पर खाना खाने आए एक व्यक्ति के साथ छाछ और बिरयानी को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद लग रही यह घटना कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद आरोपी अचानक गुस्से में दुकान में घुस आया और महेबूब पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि महेबूब गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। पिता और छोटे भाई ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा। गंभीर हालत में महेबूब को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही रापर शहर में शोक और गुस्से की लहर दौड़ गई। सरकारी अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रापर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई थी। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और जीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए बादलपर पींछाणा गांव निवासी 26 वर्षीय नरेश लखमन कोली और 19 वर्षीय संजय जेराम कोली को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत राउंडअप किया गया है। सतीश/22 मई