राज्य
22-May-2026


* करीब 4,000 वर्ग मीटर भूमि आवंटित, 6 करोड़ रुपये की मंजूरी; कक्षा 12 तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी सूरत (ईएमएस)| शिक्षा में किया गया निवेश समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है—इस स्पष्ट उद्देश्य के साथ राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता में वृद्धि हेतु ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में कामरेज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कामरेज तालुका के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार द्वारा इस क्षेत्र में नई हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के निर्माण हेतु लगभग 4,000 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है तथा आधुनिक विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यहां कक्षा 12 तक की शिक्षा निःशुल्क उपलब्ध होगी। इस शैक्षणिक परियोजना को गति देने के लिए आज स्वास्थ्य राज्य मंत्री एवं कामरेज विधायक प्रफुल पानसेरिया ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, तालुका पंचायत एवं जिला पंचायत के सदस्यों तथा अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्कूल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी शिक्षा विकास योजनाओं को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ विस्तृत और सकारात्मक चर्चा की तथा आवश्यक सुझाव भी दिए। राज्य सरकार द्वारा निर्मित होने वाली इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजना के कारण कामरेज तालुका के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अभिभावकों तथा विद्यार्थियों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है। मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शीघ्र ही इस क्षेत्र में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य विद्यालय का निर्माण शुरू होगा। इससे स्थानीय मध्यमवर्गीय एवं श्रमिक परिवारों के बच्चों को घर के पास ही कक्षा 12 तक निःशुल्क, श्रेष्ठ एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी तथा यह परियोजना विद्यार्थियों के जीवन निर्माण और करियर विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सतीश/22 मई