हाथरस (ईएमएस) । जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में मकान सूचीकरण कार्य का शुभारंभ जिलाधिकारी आवास से किया गया। पर्वेक्षक जैन दीपक एवं प्रगणक अधिकारी रेणु गर्ग ने जिलाधिकारी अतुल वत्स की उपस्थिति में मकान संख्या अंकित कर सूचीकरण कार्य प्रारंभ किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से जनगणना कार्य में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनगणना-2027 राष्ट्र निर्माण एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि जनपद में 3607 प्रगणक एवं 469 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि जिन नागरिकों ने स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया पूरी कर ली है, वे गणना अधिकारी के घर आगमन पर अपनी जनरेट की गई आईडी उपलब्ध कराएं, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके। उन्होंने बताया कि जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाए हैं, उनकी गणना प्रगणक अधिकारियों द्वारा की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रगणक अधिकारियों को सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, क्योंकि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट तथा नायब तहसीलदार मौजूद रहे। ईएमएस / 22/05/2026