राज्य
22-May-2026
...


:: शिकायतों का तत्काल निराकरण करने और पानी का प्रेशर बनाए रखने की हिदायत :: इंदौर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के इस दौर में शहरवासियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज बिजलपुर स्थित नर्मदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ही वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर की जल वितरण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों से नर्मदा जल की आपूर्ति, विभिन्न क्षेत्रों की टंकियों की भराव क्षमता, पानी के प्रेशर और आमजन से मिलने वाली शिकायतों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। महापौर भार्गव ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि पानी की सप्लाई की सतत मॉनिटरिंग की जाए और उपभोक्ताओं की जल संकट संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। वहीं आयुक्त सिंघल ने कहा कि सभी जोनों में जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि जनता को परेशान न होना पड़े। :: टू-व्हीलर से दौरे पर निकले महापौर :: निरीक्षण के दौरान एक खास बात यह भी रही कि महापौर भार्गव आज कार के बजाय टू-व्हीलर से कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इंदौर में हर शुक्रवार को मनाए जाने वाले ‘नो व्हीकल डे’ के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाई जा रही है, इसीलिए वे स्वयं भी दोपहिया वाहन से शहर का दौरा कर रहे हैं। प्रकाश/22 मई 2026