राज्य
22-May-2026
...


:: संसाधन हमेशा कार्यशील रखने के निर्देश; आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई को दी सर्वोच्च प्राथमिकता :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज गांधी हॉल परिसर स्थित फायर स्टेशन का औचक निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं, संसाधनों और आपातकालीन तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, शिफ्ट व्यवस्था के साथ-साथ फायर वाहनों और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मैदानी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि स्टेशन पर मौजूद सभी संसाधन और अग्निशमन वाहन हर समय पूरी तरह कार्यशील (वर्किंग कंडीशन) अवस्था में होने चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि फायर विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी लगातार अलर्ट मोड पर रहें, ताकि शहर में कहीं से भी आपातकालीन सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो सके। आयुक्त ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया (क्विक रिस्पांस) सुनिश्चित करने और शहरवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। प्रकाश/22 मई 2026