राज्य
22-May-2026


:: सोशल मीडिया और वाट्सएप से भी हुआ 24 शिकायतों का निराकरण, 24 घंटे में सुलझे 111 मामले :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ऊर्जस एप के माध्यम से बिजली आपूर्ति संबंधी उपभोक्ताओं की शिकायतों का अब बेहद तेजी से निराकरण किया जा रहा है। कंपनी द्वारा तैयार की गई इस डिजिटल व्यवस्था के तहत जैसे ही कोई उपभोक्ता एप पर अपनी शिकायत दर्ज कराता है, वह सूचना सीधे केंद्रीयकृत 1912 कॉल सेंटर की टीम को ट्रांसफर हो जाती है। वहां से शिकायत को तुरंत संबंधित जोन और वितरण केंद्र की बिजली सुधार टीम को फॉरवर्ड कर दिया जाता है। इस सुव्यवस्थित सिस्टम के चलते मात्र पांच से सात मिनट के भीतर शिकायत मैदानी स्तर पर काम करने वाले लाइनमैन तक पहुंच जाती है और तकनीकी टीम सुधार कार्य के लिए उपभोक्ता के घर पहुंच जाती है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान इस एप के माध्यम से कुल 111 शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया है। इसमें इंदौर शहर की 62, उज्जैन की 9, धार जिले की 8, खंडवा व आगर की 4-4 तथा देवास, रतलाम व खरगोन की 3-3 शिकायतों सहित अन्य क्षेत्रों के मामले शामिल हैं। एप के अलावा कंपनी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से 24 और वाट्सएप नंबरों के जरिए भी दर्ज शिकायतों का मौके पर निवारण किया जा रहा है। प्रकाश/22 मई 2026