राज्य
22-May-2026


आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस पर ऐतिहासिक लाइव कार्यक्रम, नवग्रह नगरी के वरिष्ठ श्रोता मनीष निमाड़े 49 वर्षों की यादों के साथ ऑनलाइन हुए शामिल इंदौर (ईएमएस)। आकाशवाणी के 90 गौरवशाली वर्षों और आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस पर मालवा हाउस स्थित आकाशवाणी परिसर शुक्रवार को उत्सव, संस्कृति और भावनाओं के रंग में सराबोर नजर आया। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश के श्रोताओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला जब नवग्रह नगरी खरगोन के वरिष्ठ श्रोता एवं आकाशवाणी परिवार से दशकों से जुड़े मनीष निमाड़े ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हुए। मनीष निमाड़े वर्ष 1977 से आकाशवाणी इंदौर की बालसभा गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और समय-समय पर आकाशवाणी के अनेक कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता निभाते रहे हैं। लाइव फोन-इन कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने आकाशवाणी से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं और स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उनके अनुभवों ने कार्यक्रम में भावनात्मक आत्मीयता का विशेष रंग भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम प्रमुख श्री राजेश पाठक, अभियांत्रिकी प्रमुख श्री अभय कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया। इसके बाद आकाशवाणी इतिहास का एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया, जब प्राइमरी चैनल और विविध भारती चैनल पर एक साथ 1 घंटा 50 मिनट का लाइव फोन-इन कार्यक्रम प्रसारित हुआ। देश-विदेश के श्रोताओं ने जुड़कर शुभकामनाएं दीं और आकाशवाणी के साथ अपने दशकों पुराने रिश्तों को याद किया। इस विशेष लाइव कार्यक्रम में आकाशवाणी के पूर्व उद्घोषक देवेंद्र कौर मधु, संतोष जोशी, विजय राय सहित कार्यक्रम प्रमुख राजेश पाठक और अभियांत्रिकी प्रमुख अभय कुमार गुप्ता भी शामिल हुए। वरिष्ठ उद्घोषक संजीव मालवीय के प्रभावी संचालन ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग आकाशवाणी इंदौर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी की गई, जिसे डिजिटल माध्यम पर भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। दोपहर में पूरा आकाशवाणी परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर दिखाई दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ढोल की थाप पर नृत्य किया तथा आकर्षक रंगोलियां बनाईं। शाम 6 बजे आयोजित सांस्कृतिक एवं औपचारिक समारोह में अभियांत्रिकी प्रमुख श्री अभय कुमार गुप्ता ने कर्मचारियों को संस्थान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई और तकनीकी गुणवत्ता को समयानुकूल बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं कार्यक्रम प्रमुख श्री राजेश पाठक ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर के अनुरूप रचनात्मक और जनसरोकार आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा देना आकाशवाणी की प्राथमिकता है। इस अवसर पर पूर्व कार्यक्रम अधिकारी श्री राहुल पंवार का भावभीना विदाई सम्मान भी किया गया। इसके बाद बैज सेरिमनी और 71वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर खुशियां साझा की गईं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लोक गायिका स्वाति उखले एवं साथियों ने सुमधुर लोकगीत प्रस्तुत किए। “मैं हूं आकाशवाणी” नाटक ने दर्शकों को आकाशवाणी की गौरवशाली यात्रा से परिचित कराया। हास्य प्रस्तुतियों, “सखियों की मस्ती” और विभिन्न मंचनों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में पूरा आकाशवाणी परिवार ढोल की थाप पर एक साथ थिरकता नजर आया, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम अधिकारी श्री असीम कैथवास ने सभी अतिथियों, कलाकारों, कर्मचारियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सुरुचिपूर्ण भोज के साथ हुआ। ईएमएस / 22 मई 2026