:: अधिसूचना जारी : गृह विभाग ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना के क्षेत्राधिकार विस्तार को दी सहमति; दहेज मृत्यु का मामला है दर्ज :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में पिछले दिनों हुई श्रीमती ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मृत्यु के हाईप्रोफाइल मामले की जांच अब केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) करेगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य शासन के गृह विभाग ने जांच को केंद्रीय एजेंसी को हस्तांतरित करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बीते 12 मई 2026 को बाग मुगालिया एक्सटेंशन (कटारा हिल्स, भोपाल) में घटित दहेज मृत्यु की इस घटना के संबंध में थाना कटारा हिल्स में अपराध क्रमांक 133/2026 दर्ज है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 80(2), 85, 3(5) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3/4 के तहत पंजीबद्ध किया गया है। अब इस पूरे प्रकरण का अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) सीबीआई को सौंपा जा रहा है। :: सीबीआई को मिला पूरे प्रदेश में क्षेत्राधिकार :: इस हाईप्रोफाइल केस की कड़ियों को जोड़ने और निष्पक्ष जांच के लिए दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 की धारा 6 में निहित शक्तियों का प्रयोग किया गया है। इसके तहत मध्य प्रदेश शासन ने इस विशिष्ट प्रकरण के अनुसंधान के उद्देश्य से दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (सीबीआई) के सदस्यों की शक्ति और उनके क्षेत्राधिकार का विस्तार पूरे मध्य प्रदेश राज्य में करने की औपचारिक सहमति दे दी है। शासन ने इस मुख्य अपराध के साथ-साथ उससे जुड़े किसी भी प्रकार के दुष्प्रेरण (उकसाने) और आपराधिक षडयंत्र की कड़ियों को खंगालने की भी पूरी मंजूरी केंद्रीय एजेंसी को दी है। प्रकाश/22 मई 2026