वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका और इजरायल के हालिया हमलों में हुए भारी नुकसान के बाद ईरान एक बार फिर खुद को सैन्य रूप से तैयार करने में जुट गया है। खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान अपनी सैन्य ताकत को फिर से मजबूत बनाने पर जोर दे रहा है और उसकी पुनर्निर्माण की गति उम्मीद से कहीं अधिक तेज है। अनुमान है कि ईरान अगले छह महीनों के भीतर अपनी ड्रोन क्षमता को पूरी तरह से फिर से खड़ा कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, युद्धविराम की इस अवधि के दौरान ईरान ने ड्रोन का उत्पादन फिर से शुरू भी कर दिया है। खुफिया आकलनों से परिचित सूत्रों का कहना है कि ईरानी सेना शुरुआती अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए बेहद तेजी से काम कर रही है। ईरानियों ने ड्रोन, मिसाइल साइट्स, लॉन्चर्स और प्रमुख हथियार प्रणालियों को बदलने की समय सीमा को पार कर लिया है, जिनमें से कई 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों में नष्ट हो गए थे। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दोनों देशों के बीच युद्ध को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में राजनयिक कोशिशें जारी हैं। इसी सिलसिले में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की और शांति वार्ता से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। पाकिस्तान दोनों संघर्षरत देशों के बीच की खाई को पाटने और क्षेत्र में तनाव समाप्त करने के प्रयासों को तेज कर रहा है, जिसके तहत पिछले कुछ समय में उच्च स्तरीय वार्ताओं का आयोजन भी किया गया है। हालांकि, इन निरंतर राजनयिक प्रयासों के बावजूद ईरान और अमेरिका के बीच मतभेद बरकरार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी है कि यदि कोई ठोस समझौता नहीं हुआ, तो कुछ ही दिनों में सैन्य हमले फिर से शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि खाड़ी के अरब नेताओं के अनुरोध पर ही आखिरी समय में हमला टाला गया था। दूसरी ओर, ईरान ने भी कड़ा रुख अपना रखा है। ईरानी विदेश मंत्री ने चेतावनी दी है कि यदि युद्ध दोबारा शुरू हुआ, तो इसके कई अप्रत्याशित परिणाम होंगे। इसके साथ ही ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी साफ किया है कि ईरान पर किया गया कोई भी अगला हमला एक ऐसे बड़े संघर्ष को जन्म देगा जो पश्चिम एशिया की सीमाओं को पार कर जाएगा। फिलहाल दोनों पक्ष बातचीत की मेज पर होने के बावजूद एक-दूसरे को मुंहतोड़ जवाब देने की पूरी तैयारी में हैं। वीरेंद्र/ईएमएस 23 मई 2026