वाशिंगटन (ईएमएस)। 29 वर्षीय मिशेल नाम की महिला ने खुलासा किया कि उसे पिछले कई वर्षों से खून पीने की लत है। मिशेल पेशे से टैटू आर्टिस्ट हैं। लोकप्रिय रियलिटी शो ‘माई स्ट्रेंज एडिक्शन’ में महिला ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से वह इस अजीब आदत की गिरफ्त में हैं। मिशेल का दावा है कि वह रोजाना लगभग एक लीटर खून पीती है और इसके बिना खुद को सामान्य महसूस नहीं करती। उनके अनुसार खून पीना उनके लिए पानी जितना जरूरी बन चुका है। वह कहती हैं कि इस आदत ने उन्हें डिप्रेशन से बाहर निकलने में मदद की और अब यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई है। मिशेल अपने घर के फ्रिज में खून की बोतलें स्टॉक करके रखती हैं और सुबह उठते ही खून पीकर दिन की शुरुआत करती हैं। उनका कहना है कि यदि उन्हें खून न मिले तो वह बेचैन और चिड़चिड़ी हो जाती हैं। मिशेल ने शो में बताया कि इस लत की शुरुआत तब हुई जब उन्होंने गलती से अपने खून का स्वाद चखा। इसके बाद उन्होंने जानवरों का खून पीना शुरू कर दिया। उन्हें खासतौर पर गाय और सूअर का खून पसंद है। उनके मुताबिक सूअर का खून स्वाद में बेहतर लगता है। वह कई बार खून को कॉफी में मिलाकर भी पीती हैं। मिशेल ने बताया कि वह हर महीने करीब एक गैलन यानी लगभग 3.78 लीटर सूअर का खून इस्तेमाल करती हैं। समय के साथ उनकी यह लत और बढ़ती गई। बाद में उन्होंने इंसानी खून पीना भी शुरू कर दिया। शो में उन्होंने बताया कि उनके कुछ दोस्त स्वेच्छा से उन्हें अपना खून देते हैं, जिससे वह अपनी इच्छा पूरी करती हैं। इस खुलासे ने दर्शकों और सोशल मीडिया पर लोगों को चौंका दिया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने इस आदत को बेहद खतरनाक बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार खून में आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है और लगातार अधिक मात्रा में इसका सेवन करने से शरीर में आयरन जमा होने लगता है। इससे लीवर, हृदय और अन्य अंगों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा संक्रमण और कई खतरनाक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। शो में मिशेल के परिवार और दोस्तों ने भी चिंता जाहिर की। उनका कहना था कि वे जानते हैं कि मिशेल क्या कर रही हैं, लेकिन उन्हें रोक पाना मुश्किल हो गया है। मिशेल खुद को ‘वैंपायर’ कहलाना पसंद करती हैं, हालांकि वह पूरी तरह खुद को वैंपायर नहीं मानतीं। सुदामा/ईएमएस 23 मई 2026